बेयर ग्रिल्स ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की, बोले- सबसे अच्छे नेता ज्यादा शोर नहीं मचाते

लंदन ( शिखर दर्शन ) // ब्रिटिश साहसिक यात्री और टेलीविजन प्रस्तोता बेयर ग्रिल्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें दुनिया के प्रभावशाली नेताओं में शामिल बताया है। उन्होंने सामाजिक माध्यम एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें दुनिया के कुछ सबसे ताकतवर नेताओं से मिलने का अवसर मिला और सबसे अच्छे लोग कभी सबसे अधिक शोर नहीं मचाते।
वर्ष 2019 के कार्यक्रम की दिलाई याद

बेयर ग्रिल्स की यह टिप्पणी वर्ष 2019 में प्रसारित लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मैन वर्सेस वाइल्ड’ के उस विशेष एपिसोड की याद दिलाती है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में रोमांचक यात्रा की थी। कार्यक्रम के दौरान दोनों ने जंगल में भ्रमण किया, तेज बारिश के बीच अस्थायी बेड़ा तैयार किया तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रकृति के साथ सामंजस्य का दिया था संदेश
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि मनुष्य को प्रकृति के साथ संघर्ष नहीं, बल्कि सामंजस्य स्थापित करना चाहिए। उन्होंने अपने हिमालय प्रवास के अनुभव साझा करते हुए बताया था कि प्रकृति ने उनके जीवन और सोच को नई दिशा दी। उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए सामाजिक स्वच्छता पर भी जोर दिया।
अनुवाद तकनीक से हुई थी बातचीत
कार्यक्रम के प्रसारण के बाद यह चर्चा हुई थी कि बेयर ग्रिल्स प्रधानमंत्री मोदी की हिंदी कैसे समझ पाए। बाद में प्रधानमंत्री ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बताया था कि पूरी शूटिंग के दौरान दोनों ने रियल-टाइम अनुवाद करने वाली ईयरपीस तकनीक का उपयोग किया था।
पहले भी कर चुके हैं प्रशंसा
बेयर ग्रिल्स इससे पहले भी कई अवसरों पर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना कर चुके हैं। उन्होंने उन्हें एक बेहतरीन खिलाड़ी और प्रभावशाली वैश्विक नेता बताया था।



