Blog

धर्म परिवर्तन के आरोप पर स्कूल में हंगामा, पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // जबलपुर के रिमझा स्थित सेंट अलायसियस स्कूल में कर्मचारियों के कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया। कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर पहुंच गए और प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि स्कूल के कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। कर्मचारियों का दावा है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। कर्मचारी अमन अहिरवार और राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रलोभन दिए गए और जब उन्होंने अपना धर्म बदलने से मना किया तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

इन आरोपों की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और महिलाएं स्कूल पहुंच गईं। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने परिसर में लगे बैनर-पोस्टर फाड़ दिए और बैरिकेडिंग को भी नुकसान पहुंचाया। इससे कुछ समय के लिए परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि गरीब कर्मचारियों पर नौकरी का दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, प्रदर्शन में शामिल हिंदू संगठन की महिला पदाधिकारियों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों और संबंधित पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!