विधानसभा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय, गनियारी में श्रद्धांजलि सभा सहित कई अहम कार्यक्रम आज

अतिथि व्याख्याता करेंगे उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात, छात्र हितों को लेकर एनएसयूआई सौंपेगी ज्ञापन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिनभर विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश में शिक्षा, छात्र हित और सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़े कई महत्वपूर्ण आयोजन भी निर्धारित हैं।
विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 1 बजे विधानसभा परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:55 बजे हेलीकॉप्टर से दुर्ग जिले के ग्राम गनियारी पहुंचकर पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे रायपुर लौटकर दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेंगे।
अतिथि व्याख्याता उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
प्रदेशभर के अतिथि व्याख्याता सुबह 9 बजे से 10:30 बजे के बीच उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के शंकर नगर स्थित शासकीय निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे। प्रतिनिधिमंडल नीति-2024 में संशोधन, 12 माह का कार्यकाल, नियमित मासिक मानदेय, सेवा सुरक्षा तथा 12 आकस्मिक अवकाश सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेगा।
छात्र हितों को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन
छात्र संगठन एनएसयूआई पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर आज कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन सौंपेगा। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की गलत जानकारी के कारण अनेक विद्यार्थियों को आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान हुआ है। कार्यकर्ता दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे।
शांति वोरा की निकलेगी अंतिम यात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा की माता शांति वोरा की अंतिम यात्रा आज पदमनाभपुर स्थित निवास से निकाली जाएगी। इसके बाद दुर्ग के शिवनाथ नदी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
भागवत कथा
विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन छत्तीसगढ़ एवं प्रदेश शौण्डिक समाज के संयुक्त तत्वावधान में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में अपराह्न 3:30 बजे से भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा में सुदामा चरित्र, कथा विश्राम एवं व्यास पूजन का प्रसंग होगा।
नेत्र उत्सव
महाप्रभु श्रीजगन्नाथ मंदिर समिति द्वारा प्रियदर्शिनी नगर, पचपेड़ी नाका स्थित मंदिर में सुबह 10:30 बजे से नेत्र उत्सव का आयोजन किया जाएगा।



