रायपुर संभाग

रायपुर विकास प्राधिकरण को मिला नया उपाध्यक्ष: डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाला पदभार

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण, शहर के सुनियोजित विकास और जनहितकारी योजनाओं को गति देने पर जोर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को प्राधिकरण कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मंत्री ने दी शुभकामनाएं, विकास कार्यों में तेजी का जताया विश्वास

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. जय प्रकाश शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में रायपुर विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें विश्वास है कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आरडीए अध्यक्ष ने जताई उम्मीद

रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए कार्य और सामाजिक सरोकारों का लाभ प्राधिकरण को मिलेगा। उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहितकारी कार्यों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

जनहित और पारदर्शिता होगी प्राथमिकता

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं और हितग्राही सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!