महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की नई ताकत: नियमित सहायता राशि से बदल रही जिंदगी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आर्थिक सशक्तिकरण को मिली नई दिशा, गौरेला की बसंती धुर्वे बनीं योजना की प्रेरक मिसाल
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है।
नियमित सहायता से आसान हुआ घरेलू खर्च
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के विकासखंड गौरेला अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरिया निवासी बसंती धुर्वे ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त की राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि इस राशि से दैनिक जरूरतों की पूर्ति, घरेलू खर्चों के बेहतर प्रबंधन और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सहायता मिल रही है। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से वे अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
महिलाओं में बढ़ रहा आत्मविश्वास और सम्मान
बसंती धुर्वे का कहना है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर, सम्मानजनक और स्वाभिमानी जीवन जीने का अवसर भी प्रदान कर रही है। योजना की राशि मिलने से छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम हुई है और परिवार के निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है।
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए ऐसी जनकल्याणकारी योजना शुरू की है, जिसका लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंच रहा है। इससे महिलाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती की भावना विकसित हो रही है।
लाखों महिलाओं तक पहुंच रहा योजना का लाभ
महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभावी क्रियान्वयन से महतारी वंदन योजना का लाभ प्रदेशभर की लाखों महिलाओं को नियमित रूप से मिल रहा है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने, परिवारों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने तथा समावेशी विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार का कहना है कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उनके जीवन स्तर में सतत सुधार लाने की दिशा में यह योजना प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।



