दुर्ग संभाग

स्कूल में रहस्यमयी घटनाओं से दहशत: चीखने के बाद बेहोश हो रहीं छात्राएं, 10–15 बच्चियां प्रभावित

भिलाई के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का मामला, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच; कारण अब तक स्पष्ट नहीं

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने, घबराने और बेहोश होने की घटनाओं से हड़कंप मच गया है। बीते सप्ताह शुक्रवार से अब तक करीब 10 से 15 छात्राएं इस तरह प्रभावित हो चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्राएं पहले तेज आवाज में चीखने लगती हैं और उसके बाद बेहोश हो जाती हैं। हालांकि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

शुक्रवार से लगातार सामने आ रहे मामले

जानकारी के अनुसार सबसे पहले शुक्रवार को तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं।

दोपहर की पाली की छात्राएं ही हो रहीं प्रभावित

स्कूल प्रबंधन के अनुसार यह घटनाएं केवल दोपहर की पाली में अध्ययनरत कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं में सामने आई हैं। वहीं, सुबह की पाली में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है, जिससे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

जांच के बाद ही सामने आएगा वास्तविक कारण

स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को दे दी है। शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इसके पीछे कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मनोवैज्ञानिक कारण या अन्य कोई वजह है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!