बेमेतरा को मिले नए पुलिस अधीक्षक: त्रिलोक बंसल ने संभाली कमान, बेहतर पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई पर रहेगा जोर

वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी ने ग्रहण किया पदभार, डीआईजी रामकृष्ण साहू ने सौंपा कार्यभार
बेमेतरा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी त्रिलोक बंसल ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू से कार्यभार संभाला। वहीं, रामकृष्ण साहू अब पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में डीआईजी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे।
स्वागत के साथ हुआ कार्यभार हस्तांतरण
पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान डीआईजी रामकृष्ण साहू और नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल का अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर रामकृष्ण साहू ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों, आम नागरिकों और मीडिया का आभार व्यक्त किया तथा नई नेतृत्व टीम को भी सभी के सहयोग का विश्वास जताया।
अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई रहेगी प्राथमिकता
कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिला पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आम जनता के साथ संवाद को मजबूत करने तथा शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कई जिलों में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
त्रिलोक बंसल वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे रायपुर, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, कोंडागांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) सहित कई महत्वपूर्ण जिलों और इकाइयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए बेमेतरा में भी प्रभावी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



