राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: यात्री बस की टक्कर से कार चालक की मौत, महिला और बेटा घायल

कोंडागांव ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार महिला और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बनियागांव स्थित नीलगिरि प्लांट के पास उस समय हुई, जब जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की यात्री बस ने कोंडागांव से गीदम की ओर जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक के शव को कार से बाहर निकाला।
हादसे में घायल महिला और उनके बेटे को तत्काल जिला अस्पताल कोंडागांव में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक तथा घायल सभी कोंडागांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री बसों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।



