व्यापार

सोना-चांदी में मामूली गिरावट: एक हफ्ते में सोना ₹2,976 और चांदी ₹13,468 सस्ती

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत भरी खबर है। इस सप्ताह दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोना 2,976 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,43,368 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी भी 13,468 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 2,20,390 रुपये प्रति किलो पर आ गई है।

एक सप्ताह में इतनी गिरी कीमत

आईबीजेए के अनुसार, 4 जुलाई को 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,344 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर 1,43,368 रुपये रह गया है। इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,31,325 रुपये, 18 कैरेट सोना 1,07,526 रुपये और 14 कैरेट सोना 83,870 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

चांदी की कीमत भी पिछले सप्ताह के 2,33,858 रुपये प्रति किलो से घटकर 2,20,390 रुपये प्रति किलो रह गई है।

रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे पहुंचे दाम

इस वर्ष 29 जनवरी को सोना 1,76,121 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। इसके मुकाबले अब सोना 33 हजार रुपये से अधिक सस्ता हो चुका है।

वहीं, चांदी ने भी इस वर्ष 3,85,933 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। मौजूदा कीमत उस रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.66 लाख रुपये प्रति किलो कम है।

बड़े शहरों में सोने का भाव

11 जुलाई के अनुसार दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,480 रुपये प्रति 10 ग्राम है। मुंबई, कोलकाता और रायपुर में यह 1,44,330 रुपये, जबकि भोपाल, पटना और अहमदाबाद में 1,44,380 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।

क्यों सस्ते हुए सोना-चांदी?

विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने और गोल्ड एवं सिल्वर ईटीएफ में बिकवाली बढ़ने से सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बना है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति के अनुसार आने वाले दिनों में कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

खरीदारी से पहले रखें इन बातों का ध्यान

सोना खरीदते समय हमेशा भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) हॉलमार्क वाला प्रमाणित आभूषण ही खरीदें। साथ ही खरीदारी से पहले आईबीजेए जैसे विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन का ताजा भाव अवश्य जांच लें, ताकि सही कीमत पर खरीदारी की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!