दुर्ग संभाग

चलती स्कूल वैन से सड़क पर गिरा मासूम, खुला था गेट; सीसीटीवी में कैद हुई लापरवाही

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में स्कूल वैन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। खुर्सीपार स्थित एक स्कूल की वैन से एक मासूम बच्चा चलते वाहन से सड़क पर गिर गया। सौभाग्य से वैन के पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद चालक ने वैन आगे बढ़ा दी। इसी दौरान पीछे बैठा एक मासूम संतुलन खो बैठा और खुले गेट से सीधे सड़क पर गिर पड़ा।

खुला था वैन का पिछला गेट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने बच्चे को उतारने के बाद वैन का पिछला गेट ठीक से बंद नहीं किया। जैसे ही वाहन ने रफ्तार पकड़ी, खुला गेट हादसे का कारण बन गया और मासूम सड़क पर गिर गया।

300 मीटर आगे जाकर रुकी वैन

बच्चे के गिरते ही आसपास के दुकानदारों ने चालक को आवाज लगाई, लेकिन वह करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे चल रहे बाइक सवारों ने वैन का पीछा कर उसे रुकवाया। मौके पर मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को उठाकर दोबारा स्कूल वैन में बैठाया।

वैन में नहीं था कोई परिचालक

जानकारी के अनुसार घटना के समय स्कूल वैन में केवल चालक मौजूद था। बच्चों की देखरेख के लिए कोई परिचालक या सहायक तैनात नहीं था। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल वैन संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि सभी स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराई जाए, प्रत्येक वैन में परिचालक की अनिवार्य नियुक्ति हो, गेट पूरी तरह बंद होने के बाद ही वाहन चलाया जाए तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!