बेटी से बात करने से रोका तो पिता की कर दी हत्या, दोस्तों संग घर में घुसकर किया हमला; 6 आरोपी गिरफ्तार

बालोद ( शिखर दर्शन ) // जिले के देवरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाबालिग बेटी से बातचीत करने से मना करने पर एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर उसके पिता पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
देर रात घर में घुसकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, सम्बलपुर निवासी गौकरण साहू रात में अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान छह आरोपी घर में घुस आए और बांस के डंडों तथा लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय बेटी जाग गई। बेटी के उठते ही घर के भीतर मौजूद चार आरोपी और बाहर निगरानी कर रहे दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को देवरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नाबालिग बेटी के बयान से खुला हत्या का कारण
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की। उसने बताया कि खपराभाटा निवासी भानुप्रताप जैन (18) से उसकी बातचीत होती थी, जिसका उसके पिता विरोध करते थे। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर भानुप्रताप ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
हत्या की धारा जोड़कर छह आरोपी गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि घायल की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- भानुप्रताप जैन (18), निवासी खपराभाटा (मुख्य आरोपी)
- नीरज रस्तोगी (18), निवासी टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
- तुषार निर्मलकर (20), निवासी टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
- दिनेश ढीमर (25), निवासी टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
- कुंदन यादव (18), निवासी टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
- दीपेश पटेल (18), निवासी बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद



