छत्तीसगढ़ में थमेगी बारिश की रफ्तार, आज से बढ़ेगा तापमान

मानसून रहेगा कमजोर, केवल कुछ इलाकों में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना; रायपुर में दो दिन बाद निकली धूप
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की रफ्तार पर ब्रेक लगेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है।
बारिश कम, तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है। बारिश की गतिविधियां कम होने से अधिकतम तापमान में वृद्धि के आसार हैं।
मौसम प्रणाली का असर हो रहा कमजोर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और आगे चलकर कमजोर पड़ सकता है। वहीं दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बांग्लादेश तक फैली मौसमी द्रोणिका तथा उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक विस्तारित दूसरी द्रोणिका का प्रभाव भी प्रदेश में बना हुआ है, लेकिन इसका असर अब पहले की तुलना में कम होने की संभावना है।
मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
दुर्ग सबसे गर्म, राजनांदगांव और पेंड्रा रहे सबसे ठंडे
मंगलवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दो दिनों बाद बुधवार सुबह राजधानी में धूप निकलने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।



