‘दीदी के गोठ’ की सफलता का जश्न, 9 जुलाई को रायपुर में होगा भव्य वार्षिकोत्सव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक यात्रा और उपलब्धियों का होगा सम्मान
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ ने अपनी एक वर्ष की सफल, प्रेरणादायक और जनभागीदारी से परिपूर्ण यात्रा पूरी कर ली है। इस अवसर पर 9 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026’ सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा।
ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, नेतृत्व और सफलता को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के संघर्ष, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और आजीविका के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को मंच प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानित करना है। बीते एक वर्ष में ‘दीदी के गोठ’ ने ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, सामाजिक जागरूकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की रहेगी विशेष मौजूदगी
वार्षिकोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा करेंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
एक वर्ष की प्रेरक यात्रा का होगा विशेष प्रसारण
‘दीदी के गोठ’ का पहला एपिसोड अगस्त 2025 में ‘लखपति दीदी’ विषय पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाओं ने ड्रोन दीदी, एफपीसी, जेंडर समानता, वित्तीय जागरूकता, साइबर सुरक्षा, सरस मेला और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर अपने अनुभव और सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम की एक वर्ष की यात्रा पर आधारित विशेष एपिसोड का प्रसारण भी 9 जुलाई को किया जाएगा।
भविष्य की कार्ययोजना पर भी होगा मंथन
कार्यक्रम में वर्षभर की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। साथ ही ‘दीदी के गोठ’ में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा तथा ग्रामीण आजीविका मिशन की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
जनभागीदारी का किया गया आह्वान
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) ने सभी नागरिकों, स्व-सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से इस आयोजन में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



