दुर्ग पुलिस हुई हाईटेक: अब घटनास्थल से ही दर्ज होगी एफआईआर

विवेचकों को मिले मोबाइल डेटा टर्मिनल; मौके पर ही ऑनलाइन होगी विवेचना, गवाहों के बयान और डिजिटल साक्ष्य होंगे दर्ज
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // अपराध विवेचना को अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के विवेचक घटनास्थल से ही एफआईआर दर्ज करने, गवाहों के बयान लेने और अपराध से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का ऑनलाइन संकलन कर सकेंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त Samsung Galaxy XCover आधारित Mobile Data Terminal (MDT) जिले के थाना एवं चौकियों में पदस्थ विवेचकों को वितरित किए गए हैं।
अपराध अनुसंधान को मिलेगा डिजिटल आधार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विवेचकों को आधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल उपलब्ध कराए गए। इन उपकरणों के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही एफआईआर, गवाहों के कथन, डिजिटल साक्ष्य और अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन दर्ज किए जा सकेंगे। इससे विवेचना की गति बढ़ेगी और मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में मदद मिलेगी।
कागजी प्रक्रिया होगी कम, पारदर्शिता बढ़ेगी
दुर्ग पुलिस के अनुसार, नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने से कागजी प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी तथा अपराध संबंधी सूचनाओं का तत्काल ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और जवाबदेह बनेगी, वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भी मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग आसान होगी।
विवेचकों को दिए गए जिम्मेदारी से उपयोग के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि वे मोबाइल डेटा टर्मिनल का जिम्मेदारी, दक्षता और निष्ठा के साथ उपयोग करें। प्रत्येक प्रकरण की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करते हुए आधुनिक तकनीक का अधिकतम लाभ उठाने पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में अहम कदम
दुर्ग पुलिस ने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से अपराध विवेचना को अधिक सक्षम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई



