मुंबई में बारिश का कहर: स्कूल-कॉलेज बंद, 20 ट्रेनें रद्द, 17 उड़ानें निरस्त

रेड अलर्ट के बीच जनजीवन प्रभावित, मुंबई-पुणे मार्ग पर भूस्खलन; प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील
मुंबई (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार तीसरे दिन हो रही मूसलाधार बारिश ने मुंबई, पुणे और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने लोगों से बिना आवश्यक कार्य के घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी है, जबकि सरकारी, निजी और नगर निगम के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है।
मुंबई-पुणे रेल मार्ग और एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन
लगातार बारिश के चलते मुंबई-पुणे रेल मार्ग के करजत-लोनावला स्थित भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे तीनों रेलवे लाइनें प्रभावित हो गईं। सुरक्षा के मद्देनजर 20 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कई अन्य रेलगाड़ियां विलंब से संचालित हुईं। वहीं मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी भूस्खलन के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
तेज हवाओं से सैकड़ों पेड़ गिरे
रविवार से मुंबई में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर में 350 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे कई क्षेत्रों में यातायात बाधित हुआ तथा बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित
बारिश का असर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिला। रविवार रात 12 बजे से सोमवार सुबह 11:30 बजे तक 17 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि 217 से अधिक उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
भारी बारिश और रेड अलर्ट को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा की सोमवार की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय है और सभी संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
जम्मू-कश्मीर में भी भूस्खलन
उधर, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भी लगातार बारिश के बाद भूस्खलन हुआ है। इस घटना में 6 से 7 वाहन मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे वाहनों को निकालने का कार्य कर रहे हैं।



