मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में नकली मंगलसूत्र का मामला, जांच में शिकायत सही

कलेक्टर की जांच में वित्तीय अनियमितता उजागर, चांदी की जगह नकली धातु के मंगलसूत्र बांटने का खुलासा
मनेंद्रगढ़ (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवविवाहिताओं को चांदी के बजाय नकली धातु (गिलेट) के मंगलसूत्र वितरित किए जाने का मामला जांच में सही पाया गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ मिश्रा की शिकायत पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच समिति ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए क्रय प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन का खुलासा किया है। मामले की जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए राज्य शासन को भेज दी गई है।
जांच में सामने आईं कई गंभीर अनियमितताएं
कलेक्टर कार्यालय से जारी जांच प्रतिवेदन के अनुसार खड़गवां के चनवारीडांड स्थित महामाया मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए खरीदी गई सामग्री में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित फर्मों से कोटेशन तो प्राप्त किए गए, लेकिन क्रय समिति की बैठक, अनुमोदन और हस्ताक्षर जैसी आवश्यक औपचारिकताओं का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा खरीदी गई सामग्री का कोई भौतिक सत्यापन भी नहीं कराया गया, जिससे घटिया गुणवत्ता की सामग्री वितरण में शामिल हो गई।
चांदी की जगह वितरित किए गए अन्य धातु के मंगलसूत्र
जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि क्रय समिति ने अपने प्रस्ताव में स्पष्ट रूप से चांदी के मंगलसूत्र वितरित करने की अनुशंसा की थी। इसके बावजूद बिना सक्षम स्वीकृति के अन्य धातु के मंगलसूत्र खरीदकर वितरित कर दिए गए। विभाग ने अपनी ओर से सफाई देते हुए बताया कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित फर्म के भुगतान से प्रति मंगलसूत्र एक हजार रुपये की कटौती कर वधुओं के बैंक खातों में राशि जमा कराई गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पर कार्रवाई की अनुशंसा
जांच समिति ने जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा को वित्तीय नियमों के उल्लंघन और प्रशासनिक लापरवाही का प्रथम दृष्टया दोषी माना है। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने पूरी जांच रिपोर्ट महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव को भेजते हुए दोषियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
मामले को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।



