सोलर पैनल लगाते समय दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो टेक्निशियन की मौत

रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में हुआ हादसा, छत पर काम के दौरान करंट लगने से मौके पर ही गई जान
रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की छत पर कार्य कर रहे दो सोलर टेक्निशियन हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
छत पर चल रहा था सोलर पैनल लगाने का कार्य
जानकारी के अनुसार एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए तीन तकनीशियन पहुंचे थे। कार्य के दौरान छत के समीप से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद सोलर पैनल स्थापना के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के आसपास कार्य करते समय विशेष सावधानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



