मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देवास दौरे पर, सांदीपनी विद्यालय का करेंगे लोकार्पण

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर, इंदौर में 1500 से अधिक बीएलओ से करेंगे संवाद
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में शनिवार को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे, जहां वे विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ नव निर्मित सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। वहीं भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी दो दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे पर पहुंच रहे हैं। अपने पहले आधिकारिक प्रदेश प्रवास के दौरान वे इंदौर में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह भोपाल से देवास के लिए रवाना होंगे और दोपहर में हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सन्नोद पहुंचेंगे। यहां आयोजित ‘किताबों से कल तक विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में वे छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करेंगे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री नवनिर्मित सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण भी करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इधर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज से अपने दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास की शुरुआत करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने के बाद यह उनका पहला राज्य दौरा है, जिसे आगामी चुनावी तैयारियों और निर्वाचन व्यवस्था की मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दौरे के पहले दिन इंदौर में आयोजित विशेष सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे 1500 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से वे सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया, जमीनी स्तर की चुनौतियों तथा निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
प्रवास के दूसरे दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओंकारेश्वर और महेश्वर का दौरा करेंगे। यहां वे धार्मिक दर्शन के साथ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का भी अवलोकन करेंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही दृष्टि से आज का दिन मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



