रायपुर संभाग

अगले तीन दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, बस्तर से रायपुर तक बरसेंगे बादल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश हुई, जबकि राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर फुहारों का दौर चलता रहा। इस दौरान अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सारंगढ़ में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर तथा सरसीवा में 8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा महासमुंद, मुंगेली, राजनांदगांव, डोंगरगांव, भानुप्रतापपुर, अंबिकापुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, पाली, बालोद, कटघोरा, बीजापुर, धमतरी, कवर्धा, जशपुर, रायगढ़, कांकेर और अन्य कई जिलों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।

इन जिलों में जारी हुआ यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कहीं-कहीं तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के आसपास सतर्कता बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!