महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए साथी संग रची साजिश, 24 लाख नकद और कार बरामद

25 लाख की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चालक ही निकला मास्टरमाइंड
इंदौर (शिखर दर्शन) // इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में 25 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह रहा कि वारदात किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि फरियादी के चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त हुंडई औरा कार जब्त कर ली है।
30 जून को वृंदावन पैलेस कॉलोनी, निपानिया निवासी मनीष संघवी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी कार में रखे 25 लाख रुपये नकद और कार की दोनों चाबियां चालक दीपक सोलंकी लेकर फरार हो गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी और साइबर जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर पता चला कि चालक दीपक सोलंकी अपने साथी मोहित उर्फ चिंटू यादव के साथ काले रंग की हुंडई औरा कार से फरार हुआ था।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों की लोकेशन पचमढ़ी में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उनका इरादा चोरी की रकम से महंगे शौक पूरे करने, घूमने-फिरने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने का था।
24 लाख नकद और कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये नकद तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत की हुंडई औरा कार बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



