नाबालिग छात्रा से बैड टच का आरोप, ट्यूशन टीचर पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

गर्लफ्रेंड बनने का दबाव बनाने और धमकाने का भी आरोप, छात्रा की शिकायत के बाद आरोपी की तलाश तेज
ग्वालियर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ट्यूशन टीचर पर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से अशोभनीय हरकत करने और उसे गर्लफ्रेंड बनने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत के आधार पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक बृजेश धाकड़ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा 10वीं कक्षा की छात्रा है। परिजनों के अनुसार, जब वह चौथी कक्षा में पढ़ती थी, तभी से बृजेश धाकड़ घर आकर उसे ट्यूशन पढ़ा रहा था। कुछ दिनों से छात्रा डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी। जब उसकी मां ने कारण पूछा तो उसने अपने साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी दी।
छात्रा ने सुनाई आपबीती
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ट्यूशन टीचर पढ़ाई के दौरान उससे गंदी बातें करता था और कई बार उसे अपनी गर्लफ्रेंड बनने के लिए कहता था। छात्रा का यह भी आरोप है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ बैड टच किया। विरोध करने पर उसने बदनाम करने की धमकी भी दी, जिससे वह काफी समय तक डरी रही।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
बेटी की आपबीती सुनने के बाद परिजन बहोड़ापुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि आरोपी शिक्षक बृजेश धाकड़ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



