जनगणना-2027 में लगे कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश और मानदेय भुगतान की मांग

45 डिग्री तापमान में काम करने वाले कर्मचारियों के सम्मान में स्पेशल अर्न्ड लीव देने की मांग, संचालनालय को सौंपा ज्ञापन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // जनगणना-2027 के दौरान भीषण गर्मी में लगातार मैदानी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष अर्जित अवकाश (स्पेशल अर्न्ड लीव) देने तथा लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने इस संबंध में जनगणना संचालनालय के संचालन निदेशक को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मेहनत का उचित सम्मान किए जाने की मांग की है।
भीषण गर्मी में निभाई राष्ट्रीय जिम्मेदारी
फेडरेशन ने अपने ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 1 मई से 30 मई तक लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य पूरा किया। इस दौरान कर्मचारियों ने व्यक्तिगत अवकाश, पारिवारिक दायित्व और आराम की परवाह किए बिना राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को प्राथमिकता दी।
अब तक नहीं मिला मानदेय
फेडरेशन का कहना है कि शासन की ओर से जनगणना कार्य के लिए मानदेय स्वीकृत किए जाने के बावजूद अधिकांश कर्मचारियों को अब तक भुगतान नहीं मिल पाया है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और उनके मनोबल पर भी इसका असर पड़ रहा है।
विशेष अवकाश देकर बढ़ाया जाए कर्मचारियों का मनोबल
फेडरेशन ने मांग की है कि कठिन परिस्थितियों में जनगणना का दायित्व निभाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप विशेष अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए। साथ ही सभी लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों की मेहनत का उचित सम्मान हो सके और भविष्य में भी वे इसी उत्साह के साथ शासकीय कार्यों का निर्वहन करें।




