कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच में बड़ी खामियां उजागर, 4 संस्थानों को नोटिस

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में रायपुर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।
दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर 23 और 24 जून 2026 को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के 7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का परीक्षण किया गया। जांच में प्रवेश और निकास व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, फायर एनओसी, अग्निशामक यंत्र, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की सुरक्षा, क्षमता अनुरूप संचालन तथा अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया।
तीन संस्थानों में व्यवस्थाएं संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन में अधिकांश आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि कुछ स्थानों पर वेंटिलेशन और क्षमता अनुरूप संचालन को लेकर सुधारात्मक सुझाव दिए गए हैं।
चार कोचिंग संस्थानों में मिली गंभीर कमियां
अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। इन संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा सहित कई आवश्यक प्रावधानों का अभाव पाया गया।

अग्निशमन विभाग ने इन कमियों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया है। संस्थानों को सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
संबंधित जोन अधिकारियों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित समयावधि के बाद पुनः निरीक्षण किया जाएगा और निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



