आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ पर भाजपा का मौन मार्च, 25 जून को मनाएगी काला दिवस

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // देश में लगाए गए आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाएगी। इसके पूर्व बुधवार को भाजपा रायपुर जिला इकाई ने आपातकाल के विरोध में मौन जुलूस निकालकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर केंद्रीय जेल परिसर से कोर्ट परिसर तक मौन मार्च निकाला। जुलूस का नेतृत्व विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू ने किया। मौन जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल रहे।
लोकतंत्र की रक्षा का दिया संदेश
हाथों में तख्तियां, बैनर और मशाल लेकर कार्यकर्ताओं ने आपातकाल को लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला बताते हुए विरोध दर्ज कराया। मौन मार्च के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा का संदेश दिया गया।
आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय
भाजपा नेताओं ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन केंद्र सरकार द्वारा देश में आपातकाल लागू किया गया था। इस दौरान नागरिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया था। यह भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
नेताओं ने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का योगदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी स्मृति में भाजपा द्वारा 25 जून को काला दिवस के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
मौन जुलूस में जिला महामंत्री अमित मैशेरी, सत्यम दूबा, नवीन शर्मा, अकबर अली, पन्ना दुबे, पुष्पेंद्र उपाध्याय, रोहित द्विवेदी, राजकुमार राठी, अखिलेश कश्यप, ओमप्रकाश साहू, अर्पित सूर्यवंशी, सीमा साहू, अंबिका यदु, बृजेश अग्रवाल सहित जिला, मंडल और मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



