रानी दुर्गावती का बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बलिदान दिवस पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, कहा- महापुरुषों का स्मरण ही समाज को देता है उज्ज्वल भविष्य
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के केनाल लिंकिंग रोड स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर उनके बलिदान दिवस के अवसर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।
करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा हैं रानी दुर्गावती
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का शौर्य और त्याग आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का प्रकाश स्तंभ है। उनकी गौरवगाथा विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों और गौरवशाली इतिहास को याद रखता है, उसका भविष्य सदैव उज्ज्वल रहता है।
मुगल सेना के सामने दिखाई अद्वितीय वीरता
मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य की विशाल सेना के सामने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए उन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा वीरगति को प्राप्त हुईं। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और स्वाभिमान के अप्रतिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।
“विकास भी, विरासत भी” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा देश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। विकास तभी सार्थक है जब सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक चेतना और महान विभूतियों के योगदान को भी समान रूप से संरक्षित किया जाए। रानी दुर्गावती ने जिस राष्ट्रचेतना, स्वाभिमान और संघर्ष की भावना का संचार किया, वह आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रही है।
विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लिए लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास का विषय नहीं बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कई जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




