दिल्ली दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय, भाजपा पदाधिकारियों की अहम बैठक आज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कोरिया में भरत सिंह के परिजनों से करेंगे मुलाकात
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। प्रस्थान से पहले वे सुबह 10:15 बजे वीरांगना रानी दुर्गावती के माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे और दोपहर 1:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे की फ्लाइट से नई दिल्ली जाएंगे।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज सुबह 10 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सहित लगभग तीन दर्जन वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, विभिन्न अभियानों और हाल ही में गठित चार समितियों की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा जिलाध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें भाजपा आईटी सेल द्वारा डिजिटल प्रशिक्षण अभियान के तहत जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य मंडल और बूथ स्तर तक डिजिटल संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना है।
भरत सिंह के परिजनों से मिलेंगे भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज कोरिया जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1:30 बजे बैकुंठपुर के महलपारा स्थित निवास पहुंचकर भाजपा नेता स्वर्गीय भरत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे सोनहत क्षेत्र के खड़वत गांव में श्री गणेश राजवाड़े के निवास जाएंगे। शाम को अमरकंटक स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
साइंस कॉलेज की पहली मेरिट सूची आज होगी जारी
शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर में बीएससी गणित, बीएससी बायोलॉजी और बीसीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची आज जारी की जाएगी। छात्र महाविद्यालय की वेबसाइट और सूचना पटल पर सूची देख सकेंगे।
ग्राम सभाओं में पढ़ी जाएगी आवास प्लस 2.0 की प्रतीक्षा सूची
प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आज ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन और परीक्षण किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने के साथ प्राप्त दावों और आपत्तियों पर भी चर्चा की जाएगी। ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।
राजधानी में आज होंगे धार्मिक और सामाजिक आयोजन
गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार कार्यक्रम
समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार कार्यक्रम आयोजित होंगे।
यज्ञ एवं महाप्रसाद वितरण
दावड़ा कॉलोनी स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ में सुबह 9 बजे से 5 कुंडीय गायत्री यज्ञ एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
अघोर महोत्सव और श्रीयज्ञ अनुष्ठान
पुरानी बस्ती स्थित अघोर पीठ श्रीधाम सुमेरू मठ में अघोर महोत्सव एवं श्रीयज्ञ अनुष्ठान का आयोजन जारी रहेगा। यह कार्यक्रम प्रातः 4 बजे से रात्रि 2 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



