पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रपति सम्मानित शिक्षक से मिले CM साय, लिया आशीर्वाद

अंबिकापुर में सेवानिवृत्त शिक्षक बृजेश पांडे के घर पहुंचे मुख्यमंत्री, शिक्षा और जनकल्याण योजनाओं पर हुई चर्चा
अंबिकापुर ( शिखर दर्शन ) //
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक देश के प्रधानमंत्री रहने के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को अंबिकापुर में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक बृजेश पांडे के निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर आशीर्वाद लिया और शिक्षा सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लेने का अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर एक महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वरिष्ठजनों, समाज के प्रबुद्ध लोगों और विशिष्ट व्यक्तियों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त शिक्षक बृजेश पांडे से मिलना उनके लिए सम्मान की बात है और समाज को दिशा देने वाले ऐसे शिक्षकों का अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
शिक्षा के मुद्दों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के भविष्य और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अनुभवी और वरिष्ठ लोगों के सुझावों को महत्व देती है।
मुख्यमंत्री का घर आना सौभाग्य : बृजेश पांडे
राष्ट्रपति सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक बृजेश पांडे ने मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का उनके घर आना उनके परिवार और पूरे मोहल्ले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनुभवों को जाना।
बृजेश पांडे ने कहा कि उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया है और मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरल और विनम्र व्यवहार की भी सराहना की।
योग दिवस पर दिया स्वास्थ्य का संदेश
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास आवश्यक है।
भ्रष्टाचार और अपराध पर सख्त कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में जहां भी भ्रष्टाचार या गंभीर अपराध के मामले सामने आए हैं, वहां निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।



