एक कॉल में समाधान: CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ, अब सीधे सरकार तक पहुंचेगी जनता की आवाज

मुख्यमंत्री साय ने किया शुभारंभ, 42 विभागों के 8 हजार अधिकारी जुड़े; शिकायत, सुझाव और फीडबैक के लिए 24×7 सुविधा
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में प्रदेश की बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना, उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना और शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद के आधार पर एक प्रभावी एवं स्थायी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को लेकर फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। डिजिटल सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
42 विभाग, 8 हजार अधिकारी और 1195 श्रेणियों की व्यवस्था
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस हेल्पलाइन से राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हुए हैं। 1195 विभिन्न श्रेणियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा।
असंतोष होने पर शिकायत पहुंचेगी उच्च अधिकारियों तक
हेल्पलाइन की विशेषता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेज दिया जाएगा। इससे शिकायतों के सतही निराकरण पर रोक लगेगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
24 घंटे संचालित होगी सेवा
सीएम हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत मॉनिटरिंग करेगा।
जनभागीदारी को मिलेगा नया मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी मंच भी है। प्रदेशवासी राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा कर सकेंगे, जिससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नागरिक देवो भव” के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार डिजिटल गवर्नेंस को लगातार मजबूत कर रही है और यह हेल्पलाइन शासन एवं जनता के बीच संवाद को नई मजबूती देगी।



