रायपुर संभाग

मोबाइल बैटरी ब्लास्ट ने छीनी मासूम की जिंदगी, खेलते-खेलते 1 साल के आदित्य की दर्दनाक मौत

सरगुजा जिले के ब्रह्मपुर गांव में हुआ हादसा, इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़ा दम

सरगुजा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मोबाइल की पुरानी बैटरी में हुए विस्फोट ने एक साल के मासूम की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव की है, जहां खेलते समय मोबाइल की खराब बैटरी फटने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया था।

खेलते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से एक पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी मिल गई। शाम करीब 5 बजे अचानक बैटरी में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से आदित्य का चेहरा, सीना, पेट और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पतालों में चला इलाज

हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान 1 जून की सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।

गांव में पसरा मातम

मासूम आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने लोगों को मोबाइल बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के खतरों के प्रति सतर्क रहने की सीख दी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!