छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

अंबिकापुर और सूरजपुर में बारिश से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी किया यलो और ऑरेंज अलर्ट
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अंबिकापुर, सूरजपुर समेत कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग ने रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आने के संकेत भी दिए गए हैं।
पूरे प्रदेश में बढ़ेगी बारिश और आंधी की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, हालांकि एक-दो इलाकों में ग्रीष्म लहर का असर बना रहा। विभाग ने बताया कि आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
27 जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए 27 जिलों में तेज बारिश, आंधी, आकाशीय बिजली और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज आंधी और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज अंधड़ चल सकता है। रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



