रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ मौसम अलर्ट : भीषण गर्मी के बीच 8 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

नौतपा में तप रहा प्रदेश, 29 मई से बदल सकता है मौसम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। नौतपा के दूसरे दिन प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

29 मई से मौसम बदलने के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में जारी हुआ विशेष अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इनमें नारायणपुर, धमतरी, गरियाबंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर और कोंडागांव शामिल हैं। इन जिलों में आंधी, तेज बारिश और वज्रपात की संभावना अधिक बताई गई है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दुर्ग में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अगले तीन दिन राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा और अधिकांश जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!