रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक, कहीं भीषण गर्मी और हीटवेव तो कहीं बरसेंगे मेघ

कई जिलों में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, दक्षिण बस्तर में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, वहीं दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। राजनांदगांव एक बार फिर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी पारा 44.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

प्रदेश में बिलासपुर का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 44.7 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और कई जिलों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने 29 मई से प्रदेशभर में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इस दौरान मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

दक्षिण बस्तर के जिलों में मौसम का असर पहले देखने को मिल सकता है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। साथ ही ग्रीष्म लहर चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!