रायपुर संभाग

रेत पर सिके पापड़, तपते फर्श पर बनी अंडे की भुर्जी, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा

छत्तीसगढ़ में आसमान से बरस रही आग , 48 घंटे का हीटवेव अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में आसमान से मानो आग बरस रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा हालात धमतरी में भयावह बने हुए हैं, जहां तेज धूप और तपती हवाओं ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

गर्मी का आलम ऐसा है कि धमतरी में लोगों ने तपती रेत पर पापड़ सेककर और सीमेंट के गर्म फर्श पर अंडे की भुर्जी बनाकर मौसम की भयावहता को दिखाया। बिना चूल्हे और आग के केवल धूप की तपिश से पापड़ सिकने और अंडा पकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसने भी यह दृश्य देखा, वह हैरान रह गया।

दोपहर होते ही शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं। लू के थपेड़ों और चुभती धूप के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

डॉक्टरों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को सूती कपड़े या गमछे से ढंककर रखें तथा लगातार पानी, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करते रहें। इस मौसम में डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, आंखों में जलन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा और जांजगीर-चांपा में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!