हाय रे गर्मी ! रायपुर में आज 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, कई जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

नवतपा से पहले सूरज उगल रहा आग, दोपहर में घर से निकलना हुआ मुश्किल
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सूरज आग बरसा रहा है। गुरुवार को रायपुर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना क्षेत्र प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देर रात तक गर्म हवाओं का असर बना रहा और हालात ऐसे रहे कि कूलर भी गर्म हवा फेंकते नजर आए।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर के लिए हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आसमान मुख्यतः साफ रहने के कारण धूप और अधिक तीखी महसूस हो सकती है।
इन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की एडवायजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवायजरी भी जारी की है। विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की अपील की गई है।



