Blog

पीपल की छांव तले खाट पर बैठे मुख्यमंत्री साय, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

सुशासन तिहार में ग्राम कोसला पहुंचे मुख्यमंत्री, कई बड़ी घोषणाएं कीं

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सुशासन तिहार के अंतर्गत Vishnu Deo Sai ने शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री का बेहद सहज और सादगीपूर्ण रूप उस समय देखने को मिला, जब वे बिना किसी औपचारिकता के पीपल पेड़ की छांव तले आयोजित चौपाल में ग्रामीणों के बीच खाट पर बैठकर उनसे सीधे संवाद करने लगे।

मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

“पटवारी गांव आते हैं या नहीं?” मुख्यमंत्री ने पूछा सवाल

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से विशेष रूप से पूछा कि पटवारी नियमित रूप से गांव आते हैं या नहीं। ग्रामीणों द्वारा सकारात्मक जवाब मिलने पर उन्होंने गांव के पटवारी शत्रुघन कुर्रे को निर्देश दिए कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े।

महिलाओं ने बताई योजनाओं से मिली राहत

ग्राम कोसला की श्रीमती सावित्री कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने नियमित सहायता राशि मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है।

इसी दौरान गांव की “लखपति दीदी” श्रीमती नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें प्रारंभ में 15 हजार रुपये की सहायता मिली थी। इसके बाद उन्होंने आटा चक्की का व्यवसाय शुरू किया और आज पांच आटा चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में ग्राम कोसला में 474 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास प्लस सर्वेक्षण के जरिए छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई थी और अब हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कीं कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण की घोषणा की। साथ ही बेहतर शिक्षा सुविधाओं के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

इस अवसर पर O. P. Choudhary, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!