रायपुर संभाग

बारिश से गिरा तापमान, लोगों को गर्मी से मिली राहत, 26 मई को केरल पहुंचेगा मानसून

प्रदेशभर में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में हुई बारिश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मानसून से पहले राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

रायपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि बीते 24 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हुई। आमतौर पर ऐसी स्थिति मानसून की शुरुआत के बाद देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मई महीने में ही मौसम लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर बना हुआ है।

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इन क्षेत्रों में दर्ज हुई बारिश

शुक्रवार सुबह हुई बारिश में कसडोल में 60 मिमी, कोमाखान में 40 मिमी, गिरौदपुरी में 30 मिमी, बलौदाबाजार में 20 मिमी, भाटापारा में 20 मिमी और कोटा में 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

26 मई को केरल पहुंच सकता है मानसून

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी प्रभावी बना हुआ है।

इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिम मध्य प्रदेश से उत्तर बांग्लादेश तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन के संकेत नहीं हैं, लेकिन 17 मई से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर शहर में आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!