आदर्श आचार संहिता का असर: कई वार्ड और ग्राम पंचायतें सुशासन तिहार शिविरों से मुक्त

उपचुनाव वाले क्षेत्रों में कलेक्टर ने जारी किया संशोधित आदेश
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता का असर अब सुशासन तिहार कार्यक्रम पर भी दिखाई देने लगा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने जन समस्या निवारण शिविरों के संबंध में आंशिक संशोधन आदेश जारी करते हुए कुछ वार्डों और ग्राम पंचायतों को सुशासन तिहार शिविरों से मुक्त कर दिया है।
वार्ड क्रमांक 29 में नहीं लगेगा प्रस्तावित शिविर
जारी आदेश के अनुसार नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 04 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के कारण 2 जून 2026 को एल-2 दुर्गा पंडाल के पास प्रस्तावित जन समस्या निवारण शिविर आयोजित नहीं किया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
पंचायत उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी बदलाव
इसी प्रकार ग्राम पंचायत उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रस्तावित शिविर कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार जिन पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है, वहां शिविर आयोजन स्थगित रहेगा।
इन पंचायत क्षेत्रों में गतोरा, रिस्दा, गिधपुरी-ओखर, करगीखुर्द, केवटाडीह (भू.) सहित कलारतराई और रानीसागर पंचायत क्षेत्र शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन पर जोर
जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संशोधित कार्यक्रम की जानकारी आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं और संशोधित शिविर कार्यक्रम की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।





