दुर्ग संभाग

सिलेंडर ब्लास्ट अपडेट : एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

मुख्यमंत्री ने की मृतकों को 5-5 लाख मुआवजा की घोषणा, कुम्हारी के खपरी गांव में हुआ भीषण हादसा, जांच के आदेश

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक मकान में हुए सिलेंडर ब्लास्ट और भीषण आगजनी की घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो बहनें, एक पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा: शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई तबाही

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत बिजली खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के कारण घर के पास मौजूद प्लास्टिक और तिरपाल से बने छप्पर में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए घर के किचन तक पहुंची, जहां गैस सिलेंडर रखा हुआ था।

कुछ ही क्षणों में सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकल ही नहीं पाए और चारों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों में शामिल एक मासूम बच्ची भी

इस हादसे में चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष), दोनों बहनें, उनके पिता अनिल वैष्णव (45 वर्ष) और लक्ष्मी वैष्णव की डेढ़ साल की बेटी गोपिका वैष्णव की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटनास्थल से चारों शव बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने किया दौरा

घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल और कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

स्वास्थ्य मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच के आदेश दिए जाने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री की घोषणा: 5-5 लाख मुआवजा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

जांच के निर्देश, सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। शुरुआती कारण भले ही शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा हो, लेकिन इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील संरचनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!