स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की बड़ी घोषणा: अब स्टाफ नर्स नहीं, ‘नर्सिंग ऑफिसर’ के नाम से होगी पहचान

अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस पर बदला नर्सिंग संवर्ग का पदनाम, स्वास्थ्य मंत्री बोले- नर्सें ही स्वास्थ्य व्यवस्था की असली रीढ़
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने नर्सिंग संवर्ग को बड़ा सम्मान देते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नर्सिंग कर्मचारियों के पदनाम में बदलाव करते हुए ऐलान किया कि अब “स्टाफ नर्स” को “नर्सिंग ऑफिसर” और “नर्सिंग सिस्टर” को “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” के नाम से जाना जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री की इस घोषणा के बाद नर्सिंग स्टाफ में उत्साह का माहौल है।
यह घोषणा रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस कार्यक्रम में की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
“नर्सें सिर्फ कर्मचारी नहीं, सेवा और संवेदना की मिसाल”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था नर्सिंग स्टाफ के समर्पण और सेवा भावना पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल में नर्सों की भूमिका सबसे अहम होती है और वे दिन-रात सेवा देकर लोगों को नया जीवन देने का कार्य करती हैं।

उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि चिकित्सा सेवा में नर्स का स्थान मां के समान होता है, क्योंकि वे मरीजों की उसी तरह देखभाल करती हैं जैसे परिवार का कोई सदस्य करता है।
कोविड काल की सेवाओं को किया याद
स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि जब पूरा देश संकट में था, तब नर्सिंग स्टाफ ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा की। उन्होंने कहा कि नर्सों ने उस दौर में जिस समर्पण और साहस का परिचय दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का दावा
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। वर्षों से लंबित सुविधाओं और मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने सीनियर नर्सिंग ऑफिसर डॉ. रीना राजपूत, नीलिमा शर्मा, रंजना सिंह ठाकुर, सुमन देवांगन, कोमेश्वरी नवरंगे, प्रगति सतपुते, शीतल सोनी और नमिता डेनियल सहित पूरे नर्सिंग स्टाफ को बधाई देते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ की मेहनत और सेवा भावना ही अस्पतालों में मरीजों का भरोसा कायम रखती है।



