Blog

हर घर प्याऊ हो अभियान: भीषण गर्मी में इंसानों से लेकर पशु-पक्षियों तक के लिए जल सेवा का संदेश

23 वर्षों से जारी है सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भीषण गर्मी के दौर में जहां इंसान ही नहीं बल्कि गौवंश, पशु-पक्षी और अन्य जीव भी पानी की कमी से जूझते हैं, वहीं बिलासपुर की सामाजिक संस्था “श्री गोपाल कामधेनु गौसेवा धाम” पिछले 23 वर्षों से जल सेवा के माध्यम से मानवता और जीव दया का संदेश दे रही है। संस्था द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी निःशुल्क जल पात्र, सिकोरे, घोंसले और पानी के मटकों का वितरण कर “हर घर प्याऊ हो” अभियान को नई ऊर्जा दी गई।
गौसेवकों ने बताया कैसे बना यह अभियान जन आंदोलन
गौ सेवक विपुल शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे इस कार्य को देखकर छत्तीसगढ़ की कई अन्य संस्थाएं भी प्रेरित हुईं और उन्होंने भी पशु-पक्षियों व जीव-जंतुओं के लिए जल पात्र रखना प्रारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज यह देखकर संतोष होता है कि शहरों और गलियों में जगह-जगह पानी के पात्र दिखाई देते हैं, जो समाज में बढ़ती संवेदनशीलता का प्रमाण है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हर घर के सामने एक प्याऊ अवश्य होना चाहिए और किसी भी जीव को प्यासा नहीं लौटना चाहिए। साथ ही लोगों से जल पात्रों की नियमित सफाई कर उनमें प्रतिदिन स्वच्छ पानी भरने का आग्रह भी किया गया।
100 जल पात्र, 100 सिकोरे और घोंसलों का हुआ वितरण
गौसेवक गोपाल कृष्ण ने जानकारी दी कि बिलासपुर गौसेवा धाम के तत्वावधान में 12 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में 100 पानी के पात्र, 100 सिकोरे तथा पक्षियों के लिए घोंसलों का वितरण किया गया। इसके अलावा सिम्स हॉस्पिटल रोड पर मरीजों और उनके परिजनों के लिए पानी के घड़े भी उपलब्ध कराए गए, ताकि गर्मी में राहत मिल सके।
समाजसेवियों और चिकित्सकों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री राम अवतार अग्रवाल, डॉक्टर श्रीकांत गिरी, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अजीत मिश्रा, डॉक्टर श्री मनोज चन्द्राकर, श्री राजेश चौबे, प्रिंस वर्मा तथा समाजसेवी श्री विक्रम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा जनमत उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह ने की।
इस अवसर पर श्री राम अवतार अग्रवाल ने कहा कि “हर घर प्याऊ हो” जैसी मुहिम समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है और सभी लोगों को इससे जुड़कर जीव सेवा के इस कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।
वहीं प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अजीत मिश्रा ने बिलासपुर गौ सेवा धाम की सराहना करते हुए कहा कि संस्था न केवल बीमार और घायल गौवंश की सेवा कर रही है, बल्कि समाज में जल संरक्षण और जीव दया का संदेश भी दे रही है। उन्होंने कहा कि पानी ही जीवन का आधार है और गर्मी के मौसम में सभी को अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर पानी के पात्र अवश्य रखने चाहिए।
विभिन्न संस्थाओं और गौसेवकों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में बिलासपुर गौ सेवा धाम के शत्रुघ्न यादव, आशीष त्रिपाठी, शिवांश पांडेय, शुभम मिश्रा, आशीष यादव, दिनेश, वैदिक तिवारी, देव कुमार, विक्रम सिंह, भावेश साहू, राजेश कुमार, विशु साहू, रवि पटेल, अनमोल और गौतम सहित बड़ी संख्या में गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहर के उपयुक्त स्थानों पर जल पात्र स्थापित किए।
कार्यक्रम में गौसेवा धाम के अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता भी रही, जिसने इस अभियान को सामूहिक जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!