रायपुर संभाग

बदली और बारिश थमते ही बढ़ी गर्मी: उमस से लोग बेहाल, तापमान 4 डिग्री तक बढ़ने के आसार

रायपुर समेत प्रदेशभर में बढ़ेगी तपिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बदली और बारिश की गतिविधियां कम होते ही एक बार फिर गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सोमवार को तेज गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

सोमवार को कैसा रहा मौसम

प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। दोपनापाल क्षेत्र में करीब एक सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं सबसे अधिक गर्मी राजनांदगांव में पड़ी, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में भी अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिनभर उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।

अगले 48 घंटे में और सक्रिय हो सकता है सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकता है।

इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश से उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही है।

13 मई को बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 12 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बावजूद तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

रायपुर में फिर छा सकते हैं बादल

रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!