ठेले में गुपचुप खाना पड़ा भारी: 25 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, गांव में मचा हड़कंप

उल्टी-दस्त से बिगड़ी तबीयत, गंभीर मरीज अस्पताल रेफर
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी में रविवार को बाजार में ठेले पर गुपचुप और चाट खाना लोगों को भारी पड़ गया। गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोग अचानक उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग तुरंत सक्रिय हो गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची

मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुनेश्वर कठौतिया के निर्देशन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश मिर्झा, सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तम मधुकर और मितानिनों की टीम तत्काल गांव पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने हाउस-टू-हाउस सर्वे शुरू कर प्रभावित लोगों की पहचान की और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
गंभीर मरीजों को किया गया रेफर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुछ मरीजों की स्थिति ज्यादा खराब होने पर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन रेफर किया गया है। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
खुले खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बासी भोजन और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें। साथ ही साफ-सफाई का ध्यान रखने और उल्टी-दस्त जैसी शिकायत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।



