एमपी में फिर बढ़ेगी तपिश, कई जिलों में लू का अलर्ट, रतलाम सबसे गर्म

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में कुछ दिनों की राहत के बाद गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में तेज बढ़ोतरी और कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान और गुजरात की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ा दिया है।
दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग में भीषण गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। मंगलवार से कई इलाकों में लू चलने के आसार जताए गए हैं।
रतलाम बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रतलाम में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा शाजापुर, धार, खंडवा और नर्मदापुरम में भी तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
बड़े शहरों में ऐसा रहा तापमान
उज्जैन में 42.4 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री और भोपाल में 40.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 39 डिग्री के आसपास बना रहा। रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
कुछ जिलों में हल्की बारिश के संकेत
भीषण गर्मी के बीच महाकौशल क्षेत्र के मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी और उमस बढ़ सकती है।
दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।



