भयंकर हादसा: घर में लगी आग में 45 वर्षीय व्यक्ति जिंदा जल गया, गैस सिलेंडर से आग फैलने की आशंका
इंदौर (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया। बाणगंगा थाना क्षेत्र में स्थित घर में अचानक लगी आग में 45 वर्षीय रमेश शर्मा जिंदा जल गए।
सुबह मोहल्ले के लोग घर से उठते धुएं को देखकर तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर पानी डालकर किसी तरह काबू पाया। बावजूद इसके, आग इतनी भीषण थी कि रमेश शर्मा को बचाया नहीं जा सका।
मौके से पुलिस को गैस सिलेंडर की जली हुई नली भी मिली है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार, सुबह चाय बनाने के दौरान गैस लीक होने से यह आग लगी होगी। घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मर्ग कायम किया और मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच में गैस सिलेंडर और घर की अन्य परिस्थितियों की पूरी तरह जांच की जाएगी ताकि हादसे के कारणों का सही पता चल सके।




