शेयर बाजार अपडेट: सोमवार को Sensex-Nifty में तेज गिरावट, रियल्टी, मीडिया और ऑटो सेक्टर में भारी बिकवाली

मुंबई (शिखर दर्शन) // हफ्ते के पहले ट्रेडिंग दिन सोमवार, 12 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी रहा। सेंसेक्स 357 अंक की गिरावट के साथ 83,219.01 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि निफ्टी भी 93.60 अंक टूटकर 25,589.70 पर है।
आज की ट्रेडिंग में रियल्टी, मीडिया और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी देखी गई। निफ्टी मीडिया इंडेक्स 1.43% की गिरावट के साथ लाल निशान पर ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट आई, जबकि 5 शेयरों में तेजी रही।
ग्लोबल बाजारों में तेजी
वहीं, वैश्विक बाजारों में तेजी का रुख देखा जा रहा है। एशियाई बाजारों में:
- दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.03% बढ़कर 4,633 पर,
- हांगकांग का हैंग सेंग 0.68% बढ़कर 26,410 पर,
- चीन का शंघाई कंपोजिट 0.75% बढ़कर 4,151 पर ट्रेड कर रहा है।
जापान का निक्केई इंडेक्स आज बंद है।
अमेरिकी बाजारों में 9 जनवरी को डाउ जोन्स 0.48% बढ़कर 49,504 पर, नैस्डैक कंपोजिट 0.81% बढ़ा, और S&P 500 में 0.65% की तेजी देखी गई।
विदेशी निवेशकों ने की भारी बिकवाली, घरेलू निवेशक बना रहे सपोर्ट
8 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने ₹3,769 करोड़ के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹5,595 करोड़ के शेयर खरीदे।
दिसंबर 2025 में FIIs ने कुल ₹34,350 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि DIIs ने ₹79,620 करोड़ के शेयर खरीदे। नवंबर में भी FIIs ने ₹17,500 करोड़ के शेयर बेचे, और DIIs ने ₹77,084 करोड़ के शेयर खरीदे। विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में फिलहाल घरेलू निवेशकों से मजबूती बनी हुई है।
पिछले दिन शुक्रवार को भी बाजार में गिरावट
पिछले हफ्ते के आखिरी ट्रेडिंग दिन शुक्रवार, 9 जनवरी को सेंसेक्स 605 अंक यानी 0.72% गिरकर 83,576 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 193 अंक (0.75%) की गिरावट के साथ 25,683 पर बंद हुआ था।




