आज जशपुर दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण जारी, रायपुर में लगेगा प्लेसमेंट कैंप, पढ़ें प्रदेश की अन्य प्रमुख खबरें

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी बुधवार को अपने गृह जिले जशपुर के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह लगभग 11:30 बजे हेलीपैड से जशपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर एक बजे ग्राम मुंडाडीह पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:40 बजे कुनकुरी में आयोजित गोकुल अष्टमी पूजा महोत्सव में सम्मिलित होंगे। इस आयोजन का संचालन महाकुल यादव समाज द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय शाम 5 बजे राजधानी रायपुर लौट आएंगे।
छत्तीसगढ़ में SIR-2026 जारी, अब तक 54% से अधिक मतदाताओं को फॉर्म वितरित
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत अब तक 54% से अधिक मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर घोषणा प्रपत्र पहुंचा रहे हैं। अब तक 1 करोड़ 13 लाख से अधिक मतदाताओं को फॉर्म दिए गए हैं। मतदाता स्वयं भी voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन 1950 और ECINET ऐप से भी सहायता ली जा सकती है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
दिल्ली से पहुंचे पत्रकारों को मुख्यमंत्री दिखाएंगे नवा रायपुर की विकास गाथा
रायपुर (शिखर दर्शन) // दिल्ली से आए पत्रकारों का दल आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करेगा। मुख्यमंत्री साय नवा रायपुर के विकास कार्यों की तस्वीरें दिखाएंगे और उन्हें देश के पहले आदिवासी संग्रहालय का भ्रमण भी कराएंगे। इस दौरान प्रदेश में चल रही प्रमुख योजनाओं और नवाचारों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
रायपुर में आज प्लेसमेंट कैंप, युवाओं के लिए सुनहरा रोजगार अवसर
रायपुर (शिखर दर्शन) // जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा बुधवार को रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को नौकरी का अवसर देंगी।
- स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज प्रा. लि. में 150 पदों पर कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव की भर्ती होगी (वेतन ₹12,500–₹14,000)।
- जी.के. ऑटो व्हीकल्स प्रा. लि. में 30 पदों पर सेल्स कंसल्टेंट की भर्ती होगी (वेतन ₹12,000–₹15,000)।
आवेदकों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, फोटो और बायोडाटा सहित साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। यह प्लेसमेंट कैंप पूर्णतः निशुल्क है।
नक्सली नेताओं की मां से अपील सरकार की विवशता : कांग्रेस
रायपुर (शिखर दर्शन) // गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा नक्सली नेता हिडमा और देवा की मां से मिलकर समर्पण की अपील करने पर कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसा है। संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यदि नक्सली अपने अभिभावकों की बात मानते तो वे इस राह पर ही क्यों जाते। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी नीति पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए अब वह अनुनय-विनय पर उतर आई है। कांग्रेस ने इसे “राजनीतिक प्रपोगंडा” करार दिया है।
राष्ट्रीय मुक्तिबोध नाट्य समारोह का आज से आगाज
रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर के गांधी मैदान स्थित रंग मंदिर में आज से राष्ट्रीय मुक्तिबोध नाट्य समारोह का शुभारंभ हो गया है। यह पांच दिवसीय आयोजन 12 से 16 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन शाम 7 बजे उषा प्रियंवदा की कहानी ‘वापसी’ का मंचन रचना मिश्रा के निर्देशन में किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:45 बजे दिनेश ठाकुर की कहानी ‘आपस की बात’ का मंचन होगा, जिसका निर्देशन प्रीता माथुर ठाकुर ने किया है। इस समारोह में देशभर के साहित्यकार और रंगकर्मी भाग ले रहे हैं।
कोटा रेलवे क्रॉसिंग कुछ दिनों बाद बंद होगी, वैकल्पिक मार्ग तैयार
रायपुर (शिखर दर्शन) // रायपुर की कोटा रेलवे क्रॉसिंग को कुछ दिनों बाद बंद किया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को आमानाका अंडरब्रिज के रास्ते से गुजरना होगा। प्रशासन ने नया मार्ग तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण और पेड़ों की कटाई का कार्य जारी है।
आज रायपुर में होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
रायपुर (शिखर दर्शन) //
👉 दो-दिवसीय महोत्सव श्रद्धा
संस्था – श्री रानी सती मंदिर समिति
स्थान – राजातालाब
समय – रात 8 बजे से
👉 अस्थि कलश दर्शन
संस्था – संत बाबा आसुदाराम सेवा समिति
स्थान – अटल बिहारी वाजपेई सभागृह, जेल रोड
समय – सुबह 11 बजे से



