मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की व्यस्त दिनचर्या: कैबिनेट बैठक, स्वच्छता सम्मान समारोह और देवास में विकास कार्यों का लोकार्पण आज

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे।

सुबह मंत्रालय में कैबिनेट बैठक, दोपहर को स्वच्छता समारोह और कार्यशाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर 1 बजे वे भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे रविंद्र भवन में राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 3 बजे समन्वय भवन में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

देवास में विकास कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3:30 बजे देवास के लिए रवाना होंगे, जहां वे संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण तथा नेमावर में सामूह जलप्रदाय योजना के शुभारंभ सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। शाम 6:05 बजे वे देवास से भोपाल लौटेंगे।

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह में वर्चुअल उपस्थिति
रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री सीएम हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खंडवा में आयोजित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह में शामिल होंगे।

स्थापना दिवस पर ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ थीम के तहत उत्सव
मध्यप्रदेश का 69वां स्थापना दिवस इस बार “उद्योग और रोजगार वर्ष” की थीम पर मनाया जाएगा। राज्य उत्सव ‘अभ्युदय मप्र’ के नाम से तीन दिनों तक चलेगा। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन होगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल श्रीकृष्ण भक्ति पदों की प्रस्तुति देंगे। “विरासत से विकास” थीम पर आधारित भव्य ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा देसी व्यंजनों का मेला लगाया जाएगा, जिसमें प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

दिवाली से पहले यातायात में बदलाव, 21 अक्टूबर तक विशेष व्यवस्था
दिवाली त्योहार को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने 13 से 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पुराने शहर, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में चार पहिया और लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

‘ओजस्विनी महोत्सव 2025’ में देशभर के उत्पादों की झलक
नाबार्ड भोपाल की ओर से आयोजित ‘ओजस्विनी महोत्सव 2025’ में देशभर से आए स्वयं सहायता समूहों, एफपीओ और कारीगरों के हस्तशिल्प, हैंडलूम, गोंड पेंटिंग, संगमरमर उत्पाद और दीपावली के स्वदेशी सामान प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। यह आयोजन 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!