बड़ी खबर : 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ में शुरू होगी धान खरीदी, मुख्यमंत्री साय ने किया ऐलान

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। राज्य सरकार ने इस बार समय पर खरीदी शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी समितियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस बार खरीदी केंद्रों में ऑनलाइन पंजीयन और भुगतान व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, तौल मशीनों और परिवहन व्यवस्था की भी विशेष निगरानी की जाएगी।
सरकार ने लक्ष्य रखा है कि इस खरीदी सीजन में रिकॉर्ड स्तर पर धान की खरीदी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और धान के भंडारण एवं उठाव की पूरी व्यवस्था पहले से कर ली जाए।
धान खरीदी की घोषणा से राज्यभर के किसानों में उत्साह का माहौल है। किसान अब अपनी फसल की कटाई और मंडी में बिक्री की तैयारी में जुट गए हैं।



