मानसून की विदाई से पहले झमाझम बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई: 10 अक्टूबर तक मौसम रहेगा साफ, अगले 2 दिन इन जिलों में रह सकती है बारिश
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून के जाते-जाते बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में पानी गिरने की संभावना है।
प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 अक्टूबर को केवल कुछ जिलों में बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 10 अक्टूबर से मौसम साफ हो जाएगा।
बीते 48 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
पिछले 48 घंटों में कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। भोपाल में 16 साल बाद केवल दो घंटे में रिकॉर्ड 2.5 इंच पानी गिरा। सोमवार को भोपाल, रायसेन, हरदा और गुना में भारी बारिश हुई।
आज किन जिलों में बारिश की संभावना
मंगलवार को उज्जैन, राजगढ़, सीहोर, देवास, शाजापुर, गुना और शिवपुरी में बारिश हो सकती है। वहीं टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में तेज हवा के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
मानसून की विदाई
मध्य प्रदेश में मानसून ने 16 जून को दस्तक दी थी। अब तक उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, भिंड, गुना, आगर मालवा, दतिया, रतलाम और नीमच में मानसून विदा हो चुका है। अशोकनगर और राजगढ़ के कुछ हिस्सों से भी मानसून विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 12 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।



