मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लेंगे तीन दिवसीय अधिकारियों की मैराथन बैठक, नए मुख्य सचिव विकासशील गुप्ता भी होंगे शामिल

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 12 से 14 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में अधिकारियों की तीन दिवसीय मैराथन बैठक लेने जा रहे हैं। यह बैठक राज्य में विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा के लिए आयोजित की जा रही है।
12 अक्टूबर को बैठक की शुरुआत कलेक्टर्स कांफ्रेंस से होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और जिलों में आयोजित रजत जयंती समारोह की जानकारी लेंगे। इस कलेक्टर्स-कॉन्फ्रेंस में नए मुख्य सचिव विकासशील गुप्ता भी शामिल होंगे। यह उनका पदभार ग्रहण करने के बाद पहला कलेक्टर्स-कॉन्फ्रेंस होगा।
13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कलेक्टर्स-एसपी बैठक लेंगे, जिसमें प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। इसी दिन मुख्यमंत्री कलेक्टर्स-डीएफओ बैठक में वन एवं पर्यावरण और आदिवासी कल्याण से जुड़े योजनाओं का जायजा लेंगे।
14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री गुड गवर्नेंस समिट में भाग लेंगे।
सभी सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि कलेक्टर्स-कॉन्फ्रेंस के मुख्य एजेंडा बिंदुओं को मुख्यमंत्री कार्यालय और सामान्य प्रशासन विभाग के साथ साझा करें। एजेंडा को 6 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा। समस्त सम्मेलनों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नोडल विभाग भी तय किए गए हैं। गृह विभाग को डीएम-एसपी कॉन्फ्रेंस का नोडल विभाग और वन विभाग को कलेक्टर्स-डीएफओ कॉन्फ्रेंस का नोडल विभाग बनाया गया है।



